कृष्ण काव्य में माधुर्य भक्ति के कवि/श्रीभट्ट

विकिपुस्तक से

श्रीभट्ट का जीवन परिचय[सम्पादन]

श्रीभट्ट की निम्बार्क सम्प्रदाय के प्रमुख कवियों में गणना की जाती है। माधुर्य के सच्चे उपासक श्रीभट्ट केशव कश्मीरी के शिष्य थे। श्रीभट्ट जी का जन्म संवत विवादास्पद है। भट्ट जी ने अपने ग्रन्थ "युगल शतक " का रचना काल निम्न दोहे में दिया है:

नयन वाम पुनि राम शशि गनो अंक गति वाम।
युगल शतक पूरन भयो संवत अति अभिराम।।

युगल शतक के संपादक श्रीब्रजबल्लभ शरण तथा निम्बार्क माधुरी के लेखक ब्रह्मचारी बिहारी शरण के अनुसार युगल शतक की प्राचीन प्रतियों में यही पाठ मिलता है। इसके अनुसार युगल शतक का रचना काल विक्रमी संवत 1352 स्थिर होता है। किन्तु काशी नागरी प्रचारिणी सभा के पास युगल शतक की जो प्रति है उसमें राम के स्थान पर राग पाठ है।इस पाठ भेद के अनुसार युगल शतक का रचना काल वि ० सं ० 1652 निश्चित होता है। प्रायः सभी साहित्यिक विद्वानों ~~ श्री वियोगी हरि (ब्रजमाधुरी सार :पृष्ठ 10 8 ) ,आचार्य रामचन्द्र शुक्ल (हिन्दी साहित्य का इतिहास :पृष्ठ 188 ) ,आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी (हिन्दी साहित्य :पृष्ठ 201 ) आदि ने पिछले पाठ को ही स्वीकार किया है। अतः इन विद्वानों के आधार पर श्री भट्ट जी का जन्म वि ० सं ० 1595 तथा कविता काल वि ० सं ० 16 52 स्वीकार किया जा सकता है।


श्रीभट्ट की रचनाएँ[सम्पादन]

निम्बार्क सम्प्रदाय के विद्वानों के अनुसार श्रीभट्ट जी ने बहुत दोहे लिखे थे,जिनमें से कुछ ही युगल शतक के रूप में अवशिष्ट रह गये हैं। युगल शतक में छह सुखों का वर्णन है:

  1. सिद्धांत
  2. ब्रजलीला
  3. सेवा
  4. सहज
  5. सुरत
  6. उत्सव

श्रीभट्ट की माधुर्य भक्ति[सम्पादन]

श्रीभट्ट जी के उपास्य वृन्दाविपिन विलासी राधा और कृष्ण हैं। ये सदा प्रेम में मत्त हो विविध कुंजों में अपनी लीलाओं का प्रसार करते हैं। भट्ट जी की यह जोड़ी सनातन ,एकरस -विहरण -परायण ,अविचल ,नित्य -किशोर-वयस और सुषमा का आगार है। प्रस्तुत उदाहरण में :

राधा माधव अद्भुत जोरी ।
सदा सनातन इक रस विहरत अविचल नवल किशोर किशोरी।
नख सिख सब सुषमा रतनागर,भरत रसिक वर हृदय सरोरी।
जै श्रीभट्ट कटक कर कुंडल गंडवलय मिली लसत किशोरी।।

राधा -कृष्ण का पारस्परिक प्रेम सम है। वहाँ विषमता के लिए कोई स्थान नहीं है। दोनों ही अन्य के सुख का ध्यान रखते हैं ~ क्योंकि वे दूसरे की प्रसन्नता को ही अपनी प्रसन्नता .समझते हैं। इस प्रकार स्वार्थ के अभाव में उनका प्रेम शुद्ध अथच दिव्य है। राधा और कृष्ण वास्तव में एकरूप हैं। वे पल भर के लिए भी दूसरे से अलग नहीं होते। ऐसी ही छवि पर रसिक भक्त अपना सर्वस्व न्यौछावर कर देता है। निम्न पद में श्री भट्ट ने उपास्य युगल की एकरूपता को उदाहरण द्वारा स्पष्ट किया है:

प्यारी तन स्याम स्याम तन प्यारो।
प्रतिबिंबित अरस परस दोऊ पलक देखियत नहिं न्यारो।।
ज्यों दर्पन में नैन नैन में नैन सहित दर्पन दिखवारो।
जै श्रीभट्ट जोरि की अति छवि ऊपर तन मन धन न्यौछावर डारौं।।

राधा और कृष्ण सदा विहार में लीन रहते हैं। किन्तु इनका यह नित्य विहार कन्दर्प की क्रीड़ा नहीं है। विहार में क्रीड़ा का मूल प्रेरक तत्व प्रेम है न कि काम। इसी कारण नित्य-विहार के ध्यान मात्र से भक्त को मधुर रस की अनुभूति हो जाती है। अतः भट्ट जी सदा राधा-कृष्ण के इस विहार के दर्शन करना चाहते हैं और यही उनकी उपासना है। वे कहते हैं :

सेऊँ श्री वृन्दाविपिन विलास।
जहाँ युगल मिलि मंगल मूरति करत निरन्तर वास।।
प्रेम प्रवाह रसिक जन प्यारै कबहुँ न छाँड़त पास।
खा कहौं भाग की श्री भट्ट राधा -कृष्ण रस-चास।।

युगल किशोर की वन-विहार ,जल-विहार ,भोजन,हिंडोला,मान,सुरत आदि सभी लीलाएं समान रूप से आनन्द मूलक हैं। अतः भट्ट जी ने सभी का सरस् ढंग से वर्णन किया है। यमुना किनारे हिंडोला झूलते हुए राधा-कृष्ण का यह वर्णन बहुत सुन्दर है। इसमें झूलन के साथ तदनुकूल प्रकृति का भी उद्दीपन के रूप में वर्णन किया गया है। :

हिंडोरे झूलत पिय प्यारी।
श्री रंगदेवी सुदेवी विशाखा झोटा डेट ललिता री।।
श्री यमुना वंशीवट के तट सुभग भूमि हरियारी।
तैसेइ दादुर मोर करत धुनि सुनी मन हरत महारी।।
घन गर्जन दामिनी तें डरपि पिय हिय लपटि सुकुमारी।
जै श्री भट्ट निरखि दंपति छवि डेट अपनपौ वारी।।