सहायता:सूनाका संसाधन रखरखाव

विकिपुस्तक से

विकिपुस्तक:सूनाका संसाधन पृष्ठ यह जानकारी देता है कि किसी पुस्तक के निर्माण के बाद उसके मुख्य पन्ने और अन्य पन्नों को हमारी सूचीकरण व्यवस्था में जोड़ने के लिए क्या संसाधन उपलब्ध हैं। यह वर्तमान सहायता पृष्ठ स्वयं इन संसाधनों के रखरखाव से संबंधित है। यहाँ यह बताया गया है कि अलमारियों एवं श्रेणियों का निर्माण और उनका रखरखाव कैसे किया जाता है।

नई अलमारी बनाना[सम्पादन]

अलमारियाँ विकिपुस्तक पर सूचीकरण की व्यवस्था का हिस्सा हैं। आमतौर पर संपादकों से उमीद की जाती है कि वे नई पुस्तक बनाते समय सही ढंग से सूचीकरण करने के लिए {{अलमारियाँ}} का प्रयोग अवश्य करें। हालाँकि, ऐसा हो सकता है कि इस तरह संपादक किसी पुस्तक पर किसी अलमारी का नाम जोड़ें और वह अलमारी पहले से उपलब्ध न हो। ऐसे में पुस्तक के मुख्य पृष्ठ पर त्रुटि संदेश आता है कि अलमारी उपलब्ध नहीं है। इस त्रुटि को दूर करने के दो तरीके हैं: 1. पहले से उपलब्ध कोई अलमारी जोड़ी जाय, या 2. नई अलमारी निर्मित की जाय (अगर सुनिश्चित हो कि नई अलमारी होनी ही चाहिए)।

नई अलमारी बनाने के लिए यह तय कर लेना आवश्यक है कि आप इसे किस ऊपरी स्तर की अलमारी अथवा विभाग में रखना चाहते हैं। इसके बाद नई अलमारी के निर्माण क्रम में कुल चार पृष्ठ बनाने होते हैं: मुख्य नामस्थान में अलमारी का पृष्ठ "अलमारी:कखग", साथ ही एक पृष्ठ मुख्य नामस्थान में "अलमारी:कखग/मूलक्रम", और दो श्रेणी पृष्ठ "श्रेणी:अलमारी:कखग" और "श्रेणी:अलमारी:कखग/सभी पुस्तकें" भी बनाने होंगे।

अलमारी पृष्ठ बनाना[सम्पादन]

नई अलमारी बनाने के लिए पहले खोज बॉक्स में उस नाम से खोज करें। खोज परिणाम में लालकड़ी पर क्लिक करें और संपादन के लिए खोलें। इसके बाद निम्नलिखित कोड को उसमें पेस्ट कर दें:

{{Shelf:Page
 |parent=
 |description=
 |1={{{1|}}}
}}

इसके बाद |parent= के आगे आपको उस ऊपरी स्तर की अलमारी का नाम लिखना है जिस अलमारी के अंदर यह अलमारी रखी जायेगी। यदि अलमारी इतनी महत्व की है कि उसे किसी अलमारी में न रख कर सीधे किसी विभाग में ही रखना हो तो यहाँ विभाग का नाम लिखें। ध्यान दें कि विकिपुस्तक पर कुल १२ विभाग हैं और इन्ही में से कोई एक चुनना होता है।

इसके बाद संपादन बक्से के नीचे के हिस्से में "झलक दिखाएँ" पर क्लिक करके पूर्वावलोकन देखें और सबकुछ ठीक दिखने पर "पृष्ठ प्रकाशित करें" पर क्लिक करके सहेज दें। सबकुछ ठीक दिखने से आशय यह है कि आपको यहाँ वह प्रारूप दिखेगा जैसा अन्य पहले से मौजूद अलमारियों में आपने देखा होगा; अभी आपको यहाँ किसी पुस्तक का नाम नहीं दिखेगा, वह तभी दिखना शुरू होगा जब आप आगे की प्रक्रिया पूरी कर लें और अन्य तीन पृष्ठ भी बना लें।

अलमारी का मूलक्रम बनाना[सम्पादन]

नई अलमारी बनते ही इसके सबसे निचले हिस्से में दो संदेश दिखाई पड़ते हैं। सबसे निचला संदेश मूलक्रम पन्ने से संबंधित संदेश है जो यह कहता है कि इस अलमारी का मूलक्रम पन्ना अभी नहीं बना है। संदेश के ठीक नीचे छोटे कोष्ठकों में अलमारी के ऊपरी स्तर की अलमारियों और विभागों के नाम लिखे दिखाई पड़ते हैं। इसे पूरा ही कोष्ठकों समेत कॉपी कर लें और उसके नीचे "मूलक्रम पन्ना बनाएँ" की कड़ी को क्लिक करें तो एक नया पन्ना निर्माण के लिए खुलेगा जिसपर संबंधित कोड पहले से दिया गया होगा। आपको इस कोड में |ancestors= नामक प्राचल मिलेगा जिसके आगे केवल छोटे कोष्ठक लिखे होंगे। इन्ही कोष्ठकों के स्थान पर आपको वह पाठ पेस्ट कर देना है जो आपने अलमारी पन्ने से कॉपी किया था।

इसके बाद झलक देखकर सबकुछ ठीक होने पर पृष्ठ सहेज दें।

श्रेणियाँ बनाना[सम्पादन]

एक बार पुनः अलमारी के पृष्ठ पर जाएँ। अब वहाँ सबसे नीचे एक ही संदेश बचा होगा और दो कड़ियाँ बटन के रूप में होंगी, एक सभी पुस्तकें श्रेणी बनाने के लिए और दूसरी अलमारी श्रेणी बनाने के लिए। प्रत्येक को क्लिक करने पर नए श्रेणी पृष्ठ निर्माण के लिए खुलेंगे और उनपर कुछ कोड पहले से उपलब्ध होगा। इन्हें जैसे का तैसा सहेज देना है, कुछ भी अन्य नहीं लिखना है।

अब आपकी नई अलमारी और इसके सहायक पृष्ठ बनाने का कार्य संपूर्ण हुआ।