हिंदी कविता (आधुनिक काल छायावाद तक) सहायिका/सुभद्राकुमारी चौहान

विकिपुस्तक से


हिंदी कविता (आधुनिक काल छायावाद तक) सहायिका
 ← `रशिमरथी': सर्ग से कृष्ण-कर्ण संवाद सुभद्राकुमारी चौहान ठुकरा दो या प्यार करो → 
सुभद्राकुमारी चौहान


सुभद्रा कुमारी चौहान राजेन्द्र उपाध्याय सुभद्रा कुमारी चौहान की 'खूब लड़ी मर्दानी वो तो झाँसी वाली रानी थी' कविता की चार पंक्तियों से पूरा देश आजादी की लड़ाई के लिए उद्वेलित हो गया था। ऐसे कई रचनाकार हुए हैं जिनकी एक ही रचना इतनी ज़्यादा लोकप्रिय हुई कि उसकी आगे की दूसरी रचनाएँ गौण हो गईं, जिनमें सुभद्राकुमारी भी एक हैं। उन्होंने ज्यादा कुछ नहीं लिखा है। उनकी एक ही कविता 'झाँसी की रानी' लोगों के कंठ का हार बन गई है। एक इसी कविता के बल पर वे हिंदी साहित्य में अमर हो गई हैं।

इस एक कविता के अलावा बच्चों के लिए लिखी उनकी कविताएँ भी हिंदी में बाल कविता का नया अध्याय लिखती हैं। उनकी कहानियाँ भी नारी स्वातंत्र्य का नया उद्घोष करती हैं। उनके जैसी उपेक्षित कवयित्री के समग्र मूल्यांकन के लिए नया इतिहास लिखने की जरूरत है। सुभद्राकुमारी चौहान सिर्फ एक कवयित्री ही नहीं थीं, देश के स्वतंत्रता संग्राम में भी उनका अमूल्य योगदान रहा है। उत्तर भारत के राजनैतिक, सामाजिक, सांस्कृतिक जीवन में सुभद्रा जी के व्यक्तित्व की गहरी छाप रही है। केवल 44 वर्ष की अल्पायु में किसी देश और जातीय अस्मिता को इतना विपुल योगदान देने वाली उनके जैसी दूसरी कोई महिला इतनी जल्दी याद नहीं आती है।

सुभद्राकमारी चौहान अपने नाटककार पति लक्ष्मणसिंह के साथ शादी के महज डेढ़ साल के भीतर ही सत्याग्रह में शामिल हो गईं और जेलों में ही जीवन के अनेक महत्त्वपूर्ण वर्ष गुजारे। गृहस्थी और नन्हे-नन्हे बच्चों का जीवन सँवारते हुए उन्होंने समाज और राजनीति की सेवा की। देश के लिए कर्तव्य और समाज की जिम्मेदारी सँभालते हुए उन्होंने व्यक्तिगत स्वार्थ की बलि चढ़ा दी- न होने दूँगी अत्याचार, चलो मैं हो जाऊँ बलिदान।

सुभद्राकुमारी की कविता 'झाँसी की रानी' महाजीवन की महागाथा है। कुछ ही पंक्तियों की इस कविता में उन्होंने एक विराट जीवन का महाकाव्य ही लिख दिया है। इस कविता में लोक जीवन से प्रेरणा लेकर लोक आस्थाओं से उधार लेकर जो एक मिथकीय संसार उन्होंने खड़ा किया है उससे 'झाँसी की रानी' के साथ सुभद्रा जी भी एक किंवदंती बन गई हैं। भारतीय इतिहास में यह शौर्यगीत सदा के लिए स्वर्णिम अक्षरों में अंकित हो गया है-

सिंहावन हिल उठे, राजवंशों ने भ्रकुटी तानी थी बूढ़े भारत में भी आई, फिर से नई जवानी थी गुमी हुई आजादी की कीमत सबने पहचानी थी दूर फिरंगी को करने की सबने मन में ठानी थी।

आज हम जिस धर्मनिरपेक्ष समाज के निर्माण का संकल्प लेते हैं और सांप्रदायिक सद्भाव का वातावरण बनाने के लिए प्रयत्नशील हैं-सुभद्रा जी ने बहुत पहले अपनी कविताओं में भारतीय संस्कृति के इन प्राणतत्त्वों को रेखांकित कर दिया था-

मेरा मंदिर, मेरी मस्जिद, काबा-काशी यह मेरी पूजा-पाठ, ध्यान जपनतप है घट-घट वासी यह मेरी। कृष्णचंद्र की क्रीड़ाओं को, अपने आँगन में देखो। कौशल्या के मातृगोद को, अपने ही मन में लेखो। प्रभु ईसा की क्षमाशीलता, नबी मुहम्मद का विश्वास जीव दया जिन पर गौतम की, आओ देखो इसके पास।

सुभद्राकुमारी चौहान का जन्म नागपंचमी के दिन 16 अगस्त, 1904 को इलाहाबाद के पास निहालपुर गाँव में हुआ था। पिता का नाम ठाकुर रामनाथ सिंह था। सुभद्राकुमारी की काव्य प्रतिभा बचपन से ही उजागर हो गई थी। 1913 में नौ साल की उम्र में सुभद्रा की पहली कविता प्रयाग से निकलने वाली पत्रिका मर्यादा में छपी थी! 'सुभद्राकुँवरि' नाम से छपी यह कविता “नीम” के पेड़ पर लिखी गई थी। सुभद्रा अपनी बहनों के साथ स्कूल जाती और स्कूल की चारदीवारी के भीतर दौड़-भाग और खेलकूद की पूरी स्वतंत्रता थी। सुभद्रा चंचल और कुशाग्र बुद्धि थी। पढ़ाई में अव्वल आने का उसको इनाम मिलता था। सुभद्रा अत्यंत शीघ्र कविता लिख डालती, गोया उसको कोई प्रयास ही न करना पड़ता हो। स्कूल के काम की कविताएँ तो वह साधारणतया घर से आते-जाते इक्के में लिख लेती थी। इसी कविता की वजह से भी स्कूल में उसकी बड़ी चाहत थी।

सुभद्रा और महादेवी वर्मा दोनों बचपन की सहेलियाँ थीं। बड़ी होने पर इन दोनों ने साहित्य के क्षेत्र में बहुत नाम कमाया। दोनों ने एक-दूसरे की कीर्ति से सुख पाया। ईर्ष्या की मलिनता उनके बचपन की मैत्री को मलिन नहीं कर पाई। सुभद्रा की पढ़ाई नवीं कक्षा के बाद छूट गई। गांधी जी की असहयोग की पुकार को पूरा देश सुन रहा था। सुभद्रा ने भी स्कूल से बाहर आकर पूरे मन-प्राण से असहयोग आंदोलन में अपने को झोंक दिया-दो रूपों में । एक तो देश-सेविका के रूप में और दूसरे, देशभक्त कवि के रूप में। 'जलियाँवाला बाग' (1917) के नृशंस हत्याकांड से उनके मन पर गहरा आघात लगा। उन्होंने तीन आग्नेय कविताएँ लिखीं। 'जलियाँवाले बाग में वसंत” में उन्होंने लिखा-

परिमलहीन पराग दाग-सा बना पड़ा है हा! यह प्यारा बाग खून से सना पड़ा है। आओ प्रिय ऋतुराज? किंतु धीरे से आना यह है शोक-स्थान यहाँ मत शोर मचाना। कोमल बालक मरे यहाँ गोली खा-खाकर कलियाँ उनके लिए गिराना थोड़ी लाकर।

भाई ने जब सुभद्रा का विवाह नाटककार लक्ष्मण सिंह के साथ तय कर दिया तो सुभद्रा की अध्यापिका ने कहा कि 'आप इस लड़की का विवाह न करें, यह तो एक ऐतिहासिक लड़की होगी। इसका विवाह करके आप देश का बड़ा नुकसान करेंगे!' आगे चलकर यही लड़की सुभद्राकुमारी चौहान हुई, जिन्होंने 'झँसी की रानी' जैसी ऐतिहासिक कविताएँ लिखीं और जो देश की आजादी के लिए अनेक बार जेल गईं।

सुभद्रा की शादी अपने समय को देखते हुए क्रांतिकारी शादी थी। न लेन-देन की बात हुई, न बहू ने पर्दा किया और न कड़ाई से छुआछूत का पालन हुआ। दूल्हा-दुलहन एक-दूसरे को पहले से जानते थे, शादी में जैसे लड़के की सहमति थी, वैसे ही लड़की की भी सहमति थी। बड़ी अनोखी शादी थी-हर तरह लीक से हटकर। ऐसी शादी पहले कभी नहीं हुई थी।

सुभद्रा को सिनेमा देखने का बहुत शौक था। कथाकार जैनेंद्र कुमार को सिनेमा के पास मिलते थे। पति लक्ष्मण सिंह के कहने पर जैनेंद्र उनको सिनेमा दिखाने ले जाते थे।

जबलपुर से दादा माखनलाल चतुर्वेदी कर्मवीर निकालते थे। उसमें लक्ष्मण सिंह को नौकरी मिल गई। सुभद्रा भी उनके साथ जबलपुर आ गईं। सुभद्रा जी सास के अनुशासन में रहकर मात्र सुघर गृहिणी बनकर संतुष्ट नहीं थीं। उनके भीतर जो तेज था, काम करने का उत्साह था, कुछ नया करने की जो लगन थी, उसके लिए घर की चारदीवारी की सीमा बहुत छोटी थी। सुभद्रा जी में लिखने की प्रतिभा थी और अब पति के रूप में उन्हें ऐसा व्यक्ति मिला था जिसने उनकी प्रतिभा को पनपने के लिए उचित वातावरण देने का प्रयत्न किया।

दोनों पति-पत्नी मन-प्राण से कांग्रेस का काम करने लगे। सुभद्रा महिलाओं के बीच जाकर स्वाधीनता संग्राम का संदेश पहुँचाने लगीं। वे उन्हें स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने, पर्दा छोड़ने, छुआछूत और ऊँच-नीच की संकीर्ण भावनाओं से ऊपर उठने की सलाह देती थी। स्त्रियाँ सुभद्रा की बातें बड़े ध्यान से सुनती थीं। 1920-21 में मध्यवर्ग की बहुओं में प्रगतिशील मूल्यों का संचार करने में सुभद्रा ने बहुत बड़ी भूमिका निभाई।

1920-21 में सुभद्रा और लक्ष्मण सिंह दोनों अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य थे। 1920-21 में सुभद्रा और लक्ष्मण सिंह ने नागपुर कांग्रेस में भाग लिया और घर-घर जाकर कांग्रेस का संदेश पहुँचाया। त्याग और सादगी के आवेश में आकर सुभद्रा जी सफेद खादी की बिना किनारी धोती पहनती थीं। गहनों और कपड़ों की बहुत शौकीन होते हुए भी उनके हाथों में न तो चूड़ियाँ थीं और न माथे पर बिंदी। आखिर बापू ने सुभद्रा जी से पूछ ही लिया-“बेन! तुम्हारा ब्याह हो गया है?” सुभ्रदा ने कहा-“हाँ !” और फिर उत्साह में आकर बताया कि मेरे पति भी मेरे साथ आए हैं। इस बात को सुनकर बा और बापू जहाँ आश्वस्त हुए वहाँ कुछ नाराज भी हुए। बापू ने सुभद्रा को डाँटा-“तुम्हारे माथे पर सिंदूर क्यों नहीं है और तुमने चूड़ियाँ क्‍यों नहीं पहनीं? जाओ, कल किनारे वाली साड़ी पहनकर आना!”

कुछ न कुछ जादू सुभद्रा जी में अवश्य था और यह जादू ऐसा था जिसका प्रभाव अकेले उनके पति लक्ष्मण सिंह पर नहीं, बल्कि अन्य सब लोगों पर भी पड़ा जो कभी भी उनके संपर्क में आया और वह जादू था सुभद्रा जी के सहज स्नेही मन और निश्छल स्वभाव का। उनका जीवन प्रेम से भरा था और निरंतर निर्मल प्यार लुटाकर भी खाली नहीं होता था।

1922 का जबलपुर का झंडा सत्याग्रह देश का पहला सत्याग्रह था और सुभद्रा जी पहली महिला सत्याग्रही थीं। रोज-रोज सभाएँ होती थीं और जिनमें सुभद्रा भी बोलती थीं। टाइम्स ऑफ इंडिया के संवाददाता ने अपनी एक रिपोर्ट में उनका उल्लेख 'लोकल सरोजिनी' कहकर किया था।

सुभद्रा जी में बड़े सहज ढंग से गंभीरता और चंचलता का अदभुत संयोग था। वे जिस सहजता से देश की पहली स्त्री सत्याग्रही बनकर जेल जा सकती थीं, उसी तरह अपने घर में, बाल-बच्चों में और गृहस्थी के छोटे-मोटे कामों में भी रमी रह सकती थीं।

सुभद्रा जी की जीवन-दृष्टि जीवन को नकारने की नहीं, बल्कि स्वीकारने की थी। उनकी कविताएँ दस-ग्यारह वर्षों से पत्र-पत्रिकाओं में छपती रही थीं। कविता उनके मन की तरंग थी। उनकी कविताएँ मन के भीतर छटपटाते भावों को, सहज-सरल रूप में अभिव्यक्ति देने वाली हैं। उनमें शिल्प का वैसा सौष्ठव नहीं है और न पच्चीकारी का वैसा कोई चमत्कार ही है। अपनी सादगी और सहजता में सुभद्रा जी की कविताएँ लोककाव्य के बहुत निकट की जान पड़ती हैं। उनमें एक देशाभिमानी के साहस, त्याग और बलिदान की भावना है।

प्रफुल्लचंद्र ओझा 'मुक्त” के सहयोग से सुभद्रा का पहला कविता संग्रह मुकुल प्रकाशित हुआ और हिंदी संसार ने दिल खोलकर उसका स्वागत किया।

उस समय हिंदी में आज की तुलना में लेखक कम थे और लेखिकाएँ तो और भी कम थीं। पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होकर ही सुभद्रा जी की कविताओं ने पाठकों का ध्यान अपनी ओर बहुत आकर्षित कर लिया था। विशेषतः 'झाँसी की रानी' तो बहुत ही लोकप्रिय हुई थी। अब मुकुल के रूप में उनका संग्रह प्रकाशित होने पर सब ओर से बहुत-बहुत बधाइयाँ मिलीं।

सुभद्रा जी ने मातृत्व से प्रेरित होकर बहुत सुंदर बाल कविताएँ लिखी हैं। इन कविताओं में भी उनकी राष्ट्रीय भावनाएँ प्रकट हुई हैं। 'सभा का खेल' नामक कविता में, खेल-खेल में राष्ट्र भाव जगाने का प्रयास देखिए-

सभा-सभा का खेल आज हम खेलेंगे, जीजी आओ मैं गांधी जी, छोटे नेहरू, तुम सरोजिनी बन जाओ। मेरा तो सब काम लँगोटी गमछे से चल जाएगा छोटे भी खद्दर का कुर्ता पेटी से ले आएगा। मोहन, लल्ली पुलिस बनेंगे, हम भाषण करने वाले वे लाठियाँ चलाने वाले, हम घायल मरने वाले।

इस कविता में बच्चों के खेल, गांधी जी का संदेश, नेहरू जी के मन में गांधी जी के प्रति भक्ति, सरोजिनी नायडू की सांप्रदायिक एकता संबंधी विचारधारा को बड़ी खूबी से व्यक्त किया गया है। असहयोग आंदोलन के वातावरण में पले-बढ़े बच्चों के लिए ऐसे खेल स्वाभाविक थे।

प्रसिद्ध हिंदी कवि गजानन माधव मुक्तिबोध ने सुभद्रा जी के राष्ट्रीय काव्य को हिंदी में बेजोड़ माना है-“कुछ विशेष अर्थों में सुभद्रा जी का राष्ट्रीय काव्य हिंदी में बेजोड़ है। क्योंकि उन्होंने उस राष्ट्रीय आदर्श को जीवन में समाया हुआ देखा है, उसकी प्रवृत्ति अपने अंतःकरण में पाई है, अतः वह अपने समस्त जीवन-संबंधों को उसी प्रवृत्ति की प्रधानता पर आश्रित कर देती हैं, उन जीवन संबंधों को उस प्रवृत्ति के प्रकाश में चमका देती हैं।...सुभद्राकुमारी चौहान नारी के रूप में ही रहकर साधारण नारियों की आकांक्षाओं और भावों को व्यक्त करती हैं। बहन, माता, पत्नी के साथ-साथ एक सच्ची देश सेविका के भाव उन्होंने व्यक्त किए हैं। उनकी शैली में वही सरलता है, वही अकृत्रिमता और स्पष्टता है जो उनके जीवन में है। उनमें एक ओर जहाँ नारी-सुलभ गुणों का उत्कर्ष है, वहाँ वह स्वदेश प्रेम और देशाभिमान भी है जो एक क्षत्रिय नारी में होना चाहिए।”

एक बार मुक्तिबोध के घर अज्ञेग जी आए और बीमार पड़ गए। मुक्तिबोध और अज्ञेय के सोकर उठने से पहले ही उनके घर पर सुभद्रा जी का चक्कर लग जाता। दोपहर को भी घर पर उपस्थित रहतीं। शाम को भी देखो तो वे वहीं हैं। घर का सारा कार्य खुद करती थीं। पता नहीं, कैसे इतना समय निकालकर दो-दो घर सँभालती थीं ! समय तो और भी बहुत से कामों के लिए निकाल लेती थीं। मुक्तिबोध जिस स्कूल में पढ़ाते थे उसकी प्रबंधकारिणी समिति शिक्षकों को समय पर और पूरा वेतन देने में विश्वास नहीं करती थी। मुक्तिबोध को कई महीनों तक वेतन नहीं मिला। सुभद्रा जी को मालूम हुआ तो उन्होंने स्कूल के अधिकारियों पर जोर डालकर उनका वेतन दिलवाया।

कवि शमशेर बहादुर सिंह ने उन्हें “जनमनमयी सुभद्रा” कहा-था। उन्होंने भी सुभद्रा जी के वसंत जैसे स्वभाव की प्रशंसा की है-“कुछ यादगारें किस कदर ताजगी अपने अंदर लिए हुए होती हैं। उनकी झाँकियाँ जैसे वसंत का पहला दिन हों-वैसी ही नर्मी और मुस्कुराहटें लिए हुए, जो एक हलचल और मस्ती-सी, हमारी आत्मा को दान कर जाती हैं (और कभी-कभी अपनी याद के आँचल को बँधी हुई एक उदासी भी)।”

सुभद्रा जी की बेटी सुधा चौहान का विवाह प्रेमचंद के पुत्र अमृतराय से हुआ जो स्वयं अच्छे लेखक थे। सुधा ने उनकी जीवनी लिखी-'मिला तेज से तेज'।

सुभद्रा जी का जीवन सक्रिय राजनीति में बीता था। वे शहर की सबसे पुरानी कार्यकर्ता थीं। 1930-31 और 1941-42 में होने वाली जबलपुर की आम सभाओं में स्त्रियाँ बहुत बड़ी संख्या में जमा होती थीं जो हिंदी भाषी क्षेत्रों के लिए एक नया ही अनुभव था। स्त्रियों की इस संख्या के पीछे, स्त्रियों की इस जागृति के पीछे निश्चय ही सुभद्रा जी का हाथ था और उनकी तैयार की हुई टोली के अनवरत उद्योग का भी। सन्‌ 1920 से ही वे स्त्रियों की सभाओं में पर्दे के विरोध में, अंधी रूढ़ियों के विरोध में, छुआछूत हटाने के पक्ष में और स्त्री-शिक्षा के प्रचार के लिए बराबर बोलती जा रही थीं। अपनी उन बहनों से बहुत-सी बातों को अलग होते हुए भी वे उन्हीं में से एक थीं। उनके भीतर भारतीय नारी का जो सहज शील और मर्यादा थी, उसके कारण उन्हें वृहत्तर नारी समाज का विश्वास प्राप्त था। विचारों की दृढ़ता के साथ-साथ उनके स्वभाव में और व्यवहार में एक अजीब लचीलापन था, जिसके कारण अपने से भिन्‍न विचारों और रहन-सहन वालों के दिल में भी उन्होंने घर बना लिया था।

सुभद्रा जी ने कहानी लिखना आरंभ कर दिया था क्‍योंकि उस समय कोई भी संपादक कविताओं पर पारिश्रमिक नहीं देता था। उनसे संपादकगण गद्य रचना चाहते थे और उसके लिए पारिश्रमिक भी देते थे। समाज की अनीतियों से उत्पन्न जिस पीड़ा को वे व्यक्त करना चाहती थीं उसकी अभिव्यक्ति का उचित माध्यम गद्य ही हो सकता था, अतः सुभद्रा जी ने कहानियाँ लिखीं। उनकी कहानियों में देश-प्रेम के साथ-साथ समाज को, अपने व्यक्तित्व को प्रतिष्ठित करने के लिए संघर्षरत नारी की पीड़ा और विद्रोह का स्वर मिलता है। साल भर में उन्होंने एक कहानी संग्रह बिखरे मोती ही बना डाला। बिखरे मोती छपवाने के लिए वे इलाहाबाद गईं। इस बार भी सेकसरिया पुरस्कार उन्हें ही मिला-कहानी संग्रह बिखरे मोती पर। उनकी अधिकांश कहानियाँ सत्य घटना पर आधारित हैं। देश-प्रेम के साथ-साथ उनमें गरीबों के प्रति सच्ची सहानुभूति मिलती है।

कवयित्री सुभद्राकुमारी चौहान की समकालीन कवयित्रियों में महादेवी वर्मा तो थीं ही, किशोरी देवी, राजकुमारी, विद्यावती 'कोकिल', राजकुमारी की बहन, रामेश्वरी देवी 'चकोरी', विष्णु कुमारी 'मंजु' तथा तोरणदेवी 'लली' भी थीं। इनमें से महादेवी वर्मा और विद्यावती 'कोकिल' को छोड़कर किसी ने इतना विपुल गद्य नहीं लिखा-जितना महादेवी और सुभद्रा जी ने। सुभद्रा जी को जीवन भी छोटा मिला-केवल 44 वसंत उन्होंने देखे-फिर भी इस दौरान उन्होंने विपुल साहित्य सृजन किया।

राष्ट्रीय आंदोलन में सक्रिय भागीदारी और अनवरत जेल यात्रा के बावजूद उनके तीन कहानी संग्रह प्रकाशित हुए- बिखरे मोती (1932), उन्मादिनी (1934), सीधे-सादे चित्र (1947)। इन कथा संग्रहों में कुल 38 कहानियाँ (क्रमशः पंद्रह, नौ और चौदह)। सुभद्रा जी की समकालीन स्त्री-कथाकारों की संख्या अधिक नहीं थी। सुभद्राकुमारी चौहान की कहानियों के प्रस्थान बिंदु आज भी हमारी मदद करते हैं। 1940 आसपास उस समय के सर्वाधिक चर्चित युवा आलोचक आचार्य हजारी प्रसाद द्विवेदी ने इसे सबसे पहले रेखांकित किया था। उन्होंने इन चारों लेखिकाओं के संदर्भ में लिखा था-

“आलोच्य पुस्तकों में से अधिकांश की कहानियों का मूल उपादान मध्यवर्ग के हिंदू परिवार की अशांतिजनक अवस्था है। सास, जेठानी और पति के अत्याचार, स्त्री की पराधीनता, उसे पढ़ने-लिखने या दूसरों से बात करने में बाधा इत्यादि बातें ही नाना भावों और नाना रूपों में कही गई हैं। सुभद्रा देवी के बिखरे मोती इस विषय में सर्वप्रथम है।"

“सुभद्रा जी की कहानियों में अधिकांश बहुओं, विशेषकर शिक्षित बहुओं के दुःखपूर्ण जीवन को लेकर लिखी गई हैं। निस्‍संदेह वे इसकी अधिकारिणी हैं। किंतु उन्होंने किताबी ज्ञान के आधार पर या सुनी-सुनाई बातों को आश्रय करके कहानियाँ नहीं लिखीं वरन्‌ अपने अनुभवों को ही कहानियों में रूपांतरित किया है। निस्संदेह उनके स्त्री-चरित्रों का चित्रण अत्यंत मार्मिक और स्वाभाविक हुआ है। फिर भी जो बात अत्यंत स्पष्ट है वह यह है कि उनकी कहानियों में समाज व्यवस्था के प्रति एक नकारात्मक घृणा ही व्यक्त होती है। पाठक यह तो सोचता है कि समाज युवतियों के प्रति कितना निर्दय और कठोर है पर उनके चरित्र में ऐसी भीतरी शक्ति या विद्रोह की भावना नहीं पाई जाती जो समाज की इस निर्दयतापूर्ण व्यवस्था को अस्वीकार कर सके। उनके पाठक-पाठिकाएँ इस कुचक्र के छूटने का कोई रास्ता नहीं पातीं। इन कहानियों में शायद ही कहीं वह मानसिक दृढ़ता चरित्र को मिलती है जो स्वेच्छापूर्वक समाज की बलि-वेदी पर बलि होने का प्रतिवाद करें। इसके विरुद्ध उनके चरित्र अत्यंत निरुपाय-से होकर समाज की वहिशिखा में अपने को होम करके चुपके से दुनिया की आँखों से ओझल हो जाते हैं।...मनोविज्ञान के पंडित इसको निगेटिव कैरेक्टर या नकारात्मक चरित्र के लक्षण बताते हैं। जहाँ स्त्री शिक्षा का अभाव है, पुरुष और स्त्री की दुनिया अलग-अलग है, वहाँ तो निश्चित रूप से स्त्री में नकारात्मक चरित्र की प्रधानता होती है । और समाज स्त्री के लिए जिन भूषण रूप आदर्शों का विधान करता है उनमें एकांतनिष्ठा, क्रीड़ा, आत्मगोपन और विनयशीलता आदि नकारात्मक गुणों की प्रधानता होती है। इस दृष्टि से सुभद्रा जी की कहानियों में भारतीय स्त्री का सच्चा चित्रण हुआ है। वे भारतीय स्त्रीत्व की सच्ची प्रतिनिधि बन सकी हैं।"

सुभद्रा जी स्त्री-सरोकारों से जुड़ी हुई कहानियाँ लिखने वाली आजादी से पहले की पहली लेखिका हैं। प्रेमचंद से अलग सुभद्राकुमारी चौहान को इस रूप में देखा जाना आवश्यक है कि वे जिस जाति और लिंग से जुड़ी थीं उसका साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में प्रवेश एक घटना थी।

सुभद्राकुमारी चौहान ने स्त्री की निजी स्वाधीनता और उससे जुड़े यथार्थ को अभिव्यक्ति देने के लिए अपनी कविताओं और कहानियों में छायावादी भाषा से विद्रोह किया। छायावादी काव्य की मूलभूत प्रवृत्तियों के साथ समान रूप से उनके जुड़ाव के साथ ही यह तथ्य है कि उनका गद्य-और गद्य ही नहीं, उनकी जीवन प्रक्रिया भी जिंदगी के सहज और जरूरी सरोकारों से जुड़ी हुई थी। सुभद्रा जी के साहित्य में इसीलिए जमीन का वह स्पर्श हमें दिखाई देता है जो हिंदी के पहले बड़े कथाकार प्रेमचंद में है।

स्वयं को गंभीर कलात्मक अतएव उत्कृष्ट घोषित करने वाली संघर्षविरत साहित्यिक दृष्टि ने सुभद्रा जी जैसी संघर्षकारी साहित्य धारा को आज एक किनारे कर दिया है। उस निगाह से देखें तो सुभद्रा जी की कहानियाँ अनलंकृत, सरल और जहाँ-तहाँ से अनगढ़ भी हो सकती हैं किंतु अपनी यथार्थ दृष्टि और सादगी में वे आज भी इतनी विचारमयी और मर्मवेधी हैं कि उन्हें भूल पाना कठिन होगा। उनकी कहानियों के पात्र इतने सहज, निश्छल और पारदर्शी हैं, इतने आवेगपूर्ण और तरल कि हमें मजबूरन उनके प्रति आकृष्ट होना पड़ता है। उनकी रचनाएँ पढ़ने के लिए “पंडितों की भाषा” जानने की आवश्यकता नहीं, उनकी रचनाएँ तो हृदय की भाषा में लिखी गई हैं।

सुभद्रा जी की कहानियों की भाषा अपने वातावरण की अनुगूँज लिए हुए है। कहानियों को पढ़ते हुए बार-बार हमारा ध्यान इसी वातावरण की ओर जाता है। उन्होंने जैसा जिया वही रचा और जो रचा वही किया।

सुभद्रा जी के पास सहज मानवीय संवेदना से पाए गए आसपास, पास-पड़ोस और रोजमर्रा की पारिवारिक जिंदगी के विविधता भरे ब्यौरों की पूँजी है। अपनी इस पूँजी का इस्तेमाल उन्होंने कविताओं में तो किया ही, कहानियों में भी किया। उनकी कहानियाँ सच्चाई को उसकी पूरी विविधता, तीव्रता और सहजता में समेटती और उजागर करती हैं। अपने अनुभूत वास्तव के प्रति उनमें कोई दुराव, कोई संकोच नहीं है, बल्कि एक साहसपूर्ण आदरभाव और स्वीकृति है।

सुभद्रा जी की कहानियों की संवेदना ही नहीं, सक्रिय भागीदारी भी उस वर्ग के साथ है जो शोषित और दलित है। उनकी कहानियों में जो औरत है, वह न सिर्फ दलित और शोषित है बल्कि वह उस वर्ग की प्रतीक भी है। इसके अलावा सीधे-सीधे उस वर्ग के रोजमर्रा के संघर्ष, तकलीफ और यातना में उसकी सक्रिय हिस्सेदारी भी है। उनकी संवेदना “तीन बच्चे" के भिखारियों, जेल की अपराधिनियों, हींग वाले, ताँगे वाले, परित्यक्ताओं, विधवाओं और सामाजिक विसंगतियाँ भोगती औरतों और समाज के उस वर्ग के साथ है जिसे हम सर्वहारा कह सकते हैं।

सामाजिक रूढ़ियों और विसंगतियों को लेकर एक गहरा क्षोभ उनकी सारी कहानियों में व्याप्त है। पारिवारिक त्रासदियों, आदमी और औरत के रिश्तों के संकटों और यातनाओं के प्रति उनमें गहरा मानवीय सरोकार है। 'तीन बच्चे” पुरुष अत्याचार से मुक्ति की कहानी है तो 'कल्याणी', 'मछुए की बेटी' तथा “कैलासी नानी' नारी केंद्रित हैं।

आज के फार्मूलाबद्ध नारीवाद से हटकर हैं उनकी कहानियाँ। स्त्री-विमर्श का ढिंढोरा न पीटकर उन्होंने अपनी कहानियों में स्त्री-विमर्श को मार्मिकता के साथ रेखांकित किया है। स्त्री-स्वातंत्र्य की बातें उन्होंने बहुत स्पष्टता और दृढ़ता के साथ उस समय “दृष्टिकोण” कहानी में कही हैं-'जी हाँ, जितना इस घर में आपका अधिकार है उतना ही मेरा भी है। यदि आप अपने किसी चरित्रहीन पुरुष मित्र को आदर और सम्मान के साथ ठहरा सकते हैं तो मैं भी किसी असहाय अबला को कम से कम आश्रय तो दे ही सकती हूँ।' 'दृष्टिकोण' की निर्मला में हमें सुभद्रा जी का ही व्यक्तित्व मिलता है जो पुरुष के साथ कंधे से कंधा मिलाकर बगैर किसी लिंग-भेदभाव के चलती थी।

उनकी कहानियों को किसी भी तराजू पर तौल लें, उनमें स्त्री सरोकारों की बात दिखेगी तो वे सामाजिक, राजनीतिक विसंगतियों की कसौटी पर भी खरी उतरेंगी। उनकी कहानियाँ स्वतंत्रता आंदोलन के दौर की नारी का मानसिक पटल प्रस्तुत करती हैं। आजादी के पूर्व की भारतीय नारी की दशा और दिशा को सँभालने में वे हमारी बड़ी मदद करती हैं। उनकी नारी केवल राजनीतिक आजादी नहीं चाहती बल्कि सभी प्रकार की गुलामी से मुक्ति चाहती है। वह 'स्वतंत्रता' नहीं, 'स्वराज्य' चाहती है। परतंत्रता नहीं, स्वानुशासन चाहती है। रूढ़ियों-बंधनों से मुक्त होकर वह स्वनियंत्रण में रहना चाहती है। सुभद्रा जी की सभी कहानियों को हम एक तरह से सत्याग्रही कहानियाँ कह सकते हैं। उनकी स्त्रियाँ सत्याग्रही स्त्रियाँ हैं। दलित चेतना और स्त्रीवादी विमर्श को उठाने वाली सुभद्राकुमारी चौहान हिंदी की पहली कहानीकार हैं-

15 अगस्त, 1947 को जब देश आजाद हुआ तो सबने खुशियाँ मनाईं। सुभद्रा जी ने भेड़ाघाट जाकर वहाँ के खान मजदूरों को कपड़े और मिठाई बाँटी। उस दिन वे अपना सिरदर्द भूल गई थीं, धकावट भूल गई थीं, आराम करना भूल गई थीं।

गांधी जी की हत्या से सुभद्रा जी को ऐसा लगा कि जैसे वे सचमुच अनाथ हो गई हों। बगैर कुछ खाए-पिए चार मील पैदल ग्वारीघाट तक गईं। जैसे कोई उनके घर का चला गया हो। सुभद्रा जी ने कहा-“मैंने तो सोचा था कि मैं कुछ दिन गांधी जी के आश्रम में बिताऊँगी लेकिन परमात्मा को वह भी मंजूर नहीं था!”

12 फरवरी, 1948 को गांधी जी की अस्थियाँ नर्मदा में विसर्जन करने के लिए लाई गईं। सुभद्रा जी सदलबल गांधी जी का अस्थियाँ लेने मदनमहल स्टेशन गईं और पुलिस का घेरा तोड़ा।

14 फरवरी को वे नागपुर में शिक्षा विभाग की मीटिंग में भाग लेने गईं। डॉक्टर ने रेलगाड़ी से नहीं, कार से जाने की सलाह दी। 15 फरवरी, 1948 को दोपहर के समय वे जबलपुर के लिए वापस चलीं। सुभद्रा ने देखा कि बीच रास्ते में तीन-चार मुर्गी के बच्चे हैं। उनका बेटा कार चला रहा था। उन्होंने अचकचाकर बेटे से कहा-“अरे बेटा! मुर्गों के बच्चों को बचाओ!”

मोटर तेजी से काटने के कारण सड़के किनारे के पेड़ से टकरा गई। सुभद्रा जी बेहोश हो गईं। सुभद्रा जी ने बस “बेटा” कहा और लुढ़क गईं। अस्पताल के सिविल सर्जन ने देखकर बताया कि उनका देहांत हो गया है। उनका चेहरा एकदम शांत और निर्विकार था जैसे गहरी नींद सोई हों।

16 अगस्त, 1904 को जन्मी सुभद्राकुमारी चौहान का देहांत 15 फरवरी, 1948 को 44 वर्ष की आयु में ही हो गया। एक संभावनापूर्ण जीवन का अंत हो गया।

उनकी मृत्यु पर दादा माखनलाल चतुर्वेदी ने लिखा कि “सुभद्रा जी का आज चल बसना, प्रकृति के पृष्ठ पर ऐसा लगता है मानो नर्मदा की धारा के बिना तट के पुण्य तीर्थों के सारे घाट अपना अर्थ और उपयोग खो बैठे हों। सुभद्रा जी का जाना ऐसा मालूम होता है मानो 'झँसी वाली रानी' की गायिका, झाँसी की रानी से कहने गई हो कि लो, फिरंगी खदेड़ दिया गया और मातृभूमि आजाद हो गई। सुभद्रा जी का जाना ऐसा लगता है मानो अपने मातृत्व के दुग्ध, स्वर और आँसुओं से उन्होंने अपने नन्हे पुत्र को कठोर उत्तरदायित्व सौंपा हो। प्रभु करे, सुभद्रा जी को अपनी प्रेरणा से हमारे बीच अमर करके रखने का बल इस पीढ़ी में हो।"

जबलपुर के निवासियों ने चंदा इकट्ठा करके नगरपालिका प्रांगण में सुभद्रा जी की आदमकद प्रतिमा लगवाई जिसका अनावरण 27 नवंबर, 1949 को एक और कवयित्री तथा उनकी बचपन की सहेली महादेवी वर्मा ने किया प्रतिमा-अनावरण के समय भदंत आनंद कौसल्यायन, बच्चन जी, डॉ० रामकुमार वर्मा और इलाचंद्र जोशी भी उपस्थित थे। महादेवी जी ने इस अवसर पर कहा-“नदियों का कोई स्मारक नहीं होता। दीपक की लौ को सोने से मढ़ दीजिए पर इससे क्या होगा? हम सुभद्रा के संदेश को दूर-दूर तक फैलाएँ और आचरण में उसके महत्त्व को मानें-यही असल स्मारक है।”